भोपाल। ईंटखेड़ी इलाके में देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां शादी समारोह से लौट रहे एक युवक पर चार बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक पर तीन से अधिक राउंड फायर किए, जिससे उसके पेट और पैर में गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उसे मालीपुरा स्थित चिरायु अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
घटना के दौरान युवक की बहन और पत्नी जब उसे बचाने आगे आईं, तो बदमाशों ने दोनों पर चाकू से वार कर उन्हें भी घायल कर दिया। परिजनों ने इस हमले के पीछे शन्नू वजनदार और रूसी गिरोह का हाथ होने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम देर रात अस्पताल पहुंची और घायलों के बयान दर्ज किए।
घायल युवक की पहचान 28 वर्षीय दानिश अली के रूप में हुई है, जो रेलवे से जुड़ी पार्सल ठेकेदारी का काम करता है। उसके खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, स्टेशन बजरिया क्षेत्र में रहने वाले दानिश और इलाके के बदमाश रूसी के बीच एक कार्यक्रम के दौरान गुरुवार को कहासुनी हुई थी। इसी विवाद में दानिश को खुलेआम धमकी दी गई थी कि उसे 24 घंटे के भीतर सबक सिखाया जाएगा।
शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे दानिश अपने परिवार के साथ रिसेप्शन से लौट रहा था। तभी ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र में आरोपियों ने उसकी कार के सामने अपनी गाड़ी अड़ा दी और फायरिंग शुरू कर दी। शुरुआती गोलियां चूक गईं, लेकिन बाद में दानिश को पेट और पैर में गोली मार दी गई। इसके बाद हमलावरों ने चाकू और धारदार हथियारों से हमला किया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।




