नोएडा। थाना फेस-1 और साइबर क्राइम थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ऑनलाइन गेमिंग और बैटिंग एप के जरिए लोगों से ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान सचिन गोस्वामी और कुनाल गोस्वामी के रूप में हुई है। उनके पास से 7 लैपटॉप और 8 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। यह जानकारी यमुना प्रसाद ने दी।
पुलिस के अनुसार, देश में ऑनलाइन गेमिंग और बैटिंग एप पर प्रतिबंध है, इसके बावजूद आरोपी सोशल मीडिया के जरिए लोगों तक अपने विज्ञापन पहुंचाते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति इनके विज्ञापन पर सर्च करता, ये उसका डेटा जुटा लेते थे और बाद में फोन कर उसे जल्दी पैसा कमाने का लालच देते थे।
आरोपी पीड़ितों के मोबाइल पर बैटिंग और गेमिंग ऐप का लिंक भेजकर आईडी और पासवर्ड बनवाते थे। शुरुआत में छोटी रकम जीतवाकर विश्वास में लेते थे। इसके बाद बड़ी रकम लगवाकर पैसा म्यूल खातों में ट्रांसफर कराते थे। जैसे ही पैसा उनके नियंत्रण वाले खातों में पहुंचता, वे पीड़ित से संपर्क तोड़ लेते थे।
जांच के दौरान आरोपियों के पास से किसी भी तरह का कॉल सेंटर, गेमिंग या बैटिंग एप संचालन से जुड़ा कोई वैध दस्तावेज या रजिस्ट्रेशन नहीं मिला है। पुलिस ने यह भी पाया कि फर्जी पहचान पर सिम कार्ड लेकर कॉलिंग की जा रही थी। पुलिस अब उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।




