ऑपरेशन हॉट स्पॉट डोमिनेशन में हरियाणा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फरार हत्यारे से लेकर साइबर ठग तक दबोचे

Must read

चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे राज्यव्यापी विशेष अभियान ‘ऑपरेशन हॉट स्पॉट डोमिनेशन’ के तहत 6 दिसंबर 2025 को पूरे प्रदेश में एक साथ जबरदस्त कार्रवाई की गई। इस दौरान 826 चिन्हित हॉट स्पॉट्स पर छापेमारी कर पुलिस ने 40 फरार हिंसक अपराधियों को गिरफ्तार किया, जो लंबे समय से कानून की पकड़ से बाहर थे। इसके साथ ही अंतरराज्यीय अपराध पर लगाम कसने के लिए 158 अहम इंटेलिजेंस इनपुट दूसरे राज्यों के साथ साझा किए गए।

अभियान के दौरान अवैध हथियारों पर भी बड़ी कार्रवाई हुई। पुलिस ने 7 देसी कट्टे और पिस्टल बरामद किए। नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत 1 लाख 90 हजार 30 रुपए नकद, 4,500 नशीली गोलियां व कैप्सूल जब्त किए गए। इसके अलावा 3,491 अवैध देसी शराब की बोतलें, 120 अंग्रेजी शराब, 43 विदेशी शराब और 74 बीयर की बोतलें पकड़ी गईं। पुलिस ने सवा किलो गांजा, 7 किलो चूरा पोस्त, स्मैक और हेरोइन जैसी मादक वस्तुएं भी बरामद कीं।

साधु बनकर छिपा इनामी हत्यारा पकड़ा गया

यमुनानगर पुलिस ने वर्ष 2013 के एक जघन्य हत्या मामले में 11 साल से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी बदमाश अभिषेक उर्फ सन्नी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर मोहित राणा नामक युवक की गाड़ी से बांधकर घसीटकर हत्या की थी। इस केस में पहले ही 13 आरोपियों को उम्रकैद की सजा मिल चुकी है।

दिल्ली में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश

फरीदाबाद की साइबर थाना बल्लभगढ़ टीम ने दिल्ली के विकास नगर, नांगलोई क्षेत्र में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया। यहां से दो महिलाओं सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जो क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर लोगों से ठगी कर रहे थे। सेक्टर-64 निवासी एक व्यक्ति से ओटीपी के जरिए 53,753 रुपए की ठगी की गई थी। जांच में सामने आया कि लोकेश और राजेंद्र इस फर्जी सेंटर को पार्टनरशिप में चला रहे थे।

क्रिप्टो निवेश के नाम पर 38 लाख की ठगी का आरोपी दबोचा

साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने क्रिप्टोकरेंसी में निवेश का लालच देकर 38.54 लाख रुपए की ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को दिल्ली के हरकिशन नगर से गिरफ्तार किया है। आरोपी धर्मेंद्र (55) ने अपना बैंक खाता ठगों को उपलब्ध कराया था, जिसमें 10 लाख रुपए ट्रांसफर हुए थे। आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

हरियाणा पुलिस के इस अभियान को अपराध और नशे के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और प्रभावी संयुक्त कार्रवाई माना जा रहा है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article