कटक। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 5 मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला 9 दिसंबर को बाराबती स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच को लेकर शहर में माहौल पूरी तरह क्रिकेटमय हो चुका है। स्टेडियम में करीब 45 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
रविवार को भारतीय टीम कटक पहुंच गई। दोनों टीमों को भुवनेश्वर एयरपोर्ट से चार बसों के काफिले में कड़ी सुरक्षा के बीच कटक लाया गया। खिलाड़ियों ने स्टेडियम में करीब 45 मिनट तक हल्का अभ्यास किया और इसके बाद होटल लौट गए। भारतीय टीम के कोच गौतम गंभीर भी टीम के साथ पहुंच चुके हैं।
बाराबती स्टेडियम में तीन स्तरों पर सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। भुवनेश्वर से कटक तक खिलाड़ियों की आवाजाही के रूट और ट्रैफिक प्लान की पहले ही समीक्षा हो चुकी है। अभ्यास सत्र और मैच के दिन खिलाड़ियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। इसके तहत टीम बसों की पूरी कारकेड रिहर्सल भी कराई गई है, ताकि किसी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई हो सके।
गौरतलब है कि भारत ने हाल ही में वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी, जबकि टेस्ट सीरीज में उसे 2-0 से हार का सामना करना पड़ा था। अब टी-20 सीरीज में दोनों टीमें नई रणनीति के साथ मैदान में उतरेंगी और कटक के दर्शकों को रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है।
कटक में टी-20 का रोमांच शुरू होने को तैयार, भारत-साउथ अफ्रीका आमने-सामने




