भोपाल। भारतीय किसान संघ मध्यप्रदेश की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक बुधवार को ऑनलाइन हुई, जिसमें अखिल भारतीय नेतृत्व भी शामिल रहा। बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष कमल सिंह आंजना ने कहा कि सरकार सिंहस्थ क्षेत्र से लैंड पुलिंग कानून को तत्काल निरस्त करने का गजट नोटिफिकेशन जारी करे। इसके साथ ही किसानों पर दर्ज केस वापस लेने, टीडीएस से जुड़े नोटिफिकेशन रद्द करने और सिंहस्थ क्षेत्र में स्थायी निर्माण रोकने की मांग की गई है।
किसान संघ ने साफ चेतावनी दी है कि सात दिन में मांगें नहीं मानी गईं, तो प्रदेशभर के हजारों किसान उज्जैन में बड़ा आंदोलन करेंगे। इसके लिए प्रांत, जिला और तहसील स्तर पर बैठकों की तैयारी के निर्देश दिए गए हैं।
संघ ने यह भी सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री द्वारा कानून निरस्त करने की घोषणा के बावजूद आदेश में संशोधन क्यों जारी हुआ। उनका कहना है कि प्रशासनिक अफसरों की मंशा और उनके हित स्पष्ट होने चाहिए।
बैठक में खाद की कमी, मक्का का MSP पर नहीं बिकना, प्याज के कम दाम, रात में बिजली सप्लाई और धान खरीदी केंद्रों की कमी पर भी नाराजगी जताई गई। संघ ने मांग की है कि मक्का और प्याज किसानों को प्रति क्विंटल राहत राशि दी जाए।




