इंदौर। स्टेट जीएसटी विभाग ने मंगलवार दोपहर पेस्टिसाइड कारोबारी संजय अग्रवाल के घर, ऑफिस और उनकी कंपनियों के कई ठिकानों पर एक साथ छापे की कार्रवाई की। टीमों ने घंटों तक दस्तावेज, कंप्यूटर डाटा और लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले। विभाग को आशंका है कि कंपनियों ने लंबे समय से जीएसटी में भारी गड़बड़ी की है।
अलग-अलग टीमों ने संजना पार्क स्थित निवास और नर्मदा ट्रेडर्स, ग्रो रिच एग्रोटेक, सुशील कॉर्पोरेशन सहित पांच कंपनियों पर कार्रवाई की। बंगले में किसी की आवाजाही रोककर परिवार के सदस्यों के मोबाइल भी जमा कराए गए, ताकि जांच में बाधा न हो।
टीमों ने कंपनियों के बैंक खातों, लेन-देन, प्रॉडक्शन यूनिट्स और पेस्टिसाइड से जुड़े सभी दस्तावेजों की जांच की। प्राथमिक तौर पर संकेत मिले हैं कि बीते वर्षों में बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी की गई हो सकती है। विभाग को इस कार्रवाई से महत्वपूर्ण खुलासों की उम्मीद है।




