बेंगलुरु। एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में IPL मैच होंगे या नहीं, यह अभी साफ नहीं है। फैसले से पहले स्टेडियम को सुरक्षा मंजूरी और स्ट्रक्चरल फिटनेस टेस्ट दोनों पास करना जरूरी होगा। हाल ही में हुए हादसों और कमीशन की रिपोर्ट के बाद बड़े आयोजनों के लिए स्टेडियम की सुरक्षा पर सवाल उठे हैं।
जून में RCB की पहली IPL ट्रॉफी जीत के बाद हुई विक्ट्री परेड के दौरान स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ में भगदड़ मच गई थी। इस घटना में 11 लोगों की मौत हो गई और 50 से ज्यादा लोग घायल हुए। इसके बाद बनी जस्टिस जॉन माइकल डी’ कुन्हा कमेटी ने स्टेडियम की कई खामियों को उजागर किया। रिपोर्ट में कहा गया कि एंट्री-एग्जिट गेट अपर्याप्त हैं, आपातकालीन निकासी की प्लानिंग नहीं है, आसपास की सड़कें भीड़भाड़ वाली हैं और पार्किंग व्यवस्था बेहद कमजोर है।
इन्हीं कमियों के कारण ICC महिला वर्ल्ड कप 2025 के मैच और ट्रॉफी अनावरण कार्यक्रम को भी बेंगलुरु से हटाकर नवी मुंबई और मैसूर भेजा गया था।
अब कर्नाटक सरकार ने KSCA को स्टेडियम का फिटनेस टेस्ट अनिवार्य रूप से कराने का निर्देश दिया है। NABL-प्रमाणित विशेषज्ञों की संरचनागत सुरक्षा रिपोर्ट मिलने के बाद ही IPL मैचों को मंजूरी दी जाएगी। अगर चिन्नास्वामी स्टेडियम असुरक्षित पाया गया, तो RCB को अपने होम मैच शहर से बाहर खेलने पड़ सकते हैं।
- IPL 2026 की संभावित शुरुआत 15 मार्च से और फाइनल 31 मई को हो सकता है। उससे पहले 16 दिसंबर को अबू धाबी में मिनी ऑक्शन होगा।




