-अटैची का ताला तोड़कर 50 हजार रुपए नकदी पर किया हाथ साफ
चुनार से रिपोर्टर इमरान खान की रिपोर्ट
चुनार। मिर्जापुर जिले के चुनार थाना क्षेत्र चोरों के आतंक का गढ़ बनता जा रहा है। यहां चोरी की तावड़तोड़ वारदात से इलाके में दशहत है। हाल ही में एक घर में चार बार हुई चोरी की वारदात की गुत्थी सुलझी भी नहीं है कि चोरों ने जीआरपी के दरोगा के घर धावा बोलकर 50 हजार रुपए की नकदी और अन्य सामान ले उड़े। इतना ही नहीं दरोगा के पड़ोस के घर में भी चोरों ने ताड़ा तोड़ने का अचूक प्रयास किया लेकिन वह मकसद में कामयाब नहीं हो पाए। पीड़ित चुनार जीआरपी इंचार्ज आर.एस.यादव ने बताया कि 27 नवंबर की रात को जब चुनार से बाहर गए हुए थे तो चोरों ने उनके रेलवे कॉलोनी स्थित घर के मेन गेट का ताला तोड़ दिया और घर के अंदर रखी अटैची का लॉक तोड़ कर उसमें रखे 50 हजार रुपए ले उड़े। उन्होंने कहा कि इस बात की सूचना मिलते ही वह घर आए तो इसकी शिकायत स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची टीम ने चोरी की घटना की जांच की। उन्होंने कहा कि उनकी सास की तबियत ठीक नहीं है इसलिए वह इस समय जौनपुर में हैं और वहां से आते ही वह पुलिस के साथ खुद भी चोरों पर शिकंजा कंसेगे। उन्होंने कहा कि चोर कई घरों को निशाना बनाना चाहते थे, हमारे घर के पास के घर का भी चोरों ने ताला तोड़ने का प्रयास किया लेकिन वह उसमें कामयाब नहीं हो पाए। उन्होंने बताया कि चोरी गए रुपए उन्होंने अपने बच्चों की फीस भरने के लिए रखे थे। गौरतलब है कि चुनार क्षेत्र में यह चोरी की पहली वारदात नहीं है। इससे पहले 19 नवंबर को रेलवे कॉलोनी से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित उस्मानपुर के एक घर में भी चोरी हो गई थी। इस घर में एक बार नहीं बल्कि छह महीने में चार बार चोरी हुई। हैरत की बात है कि शिकायत के बाद भी अब तक पुलिस चोरों का कोई सुराग नहीं लगा पाई है। वहीं जब जीआरपी चौकी इंचार्ज के घर चोरी की घटना के संबंध में चुनार की क्षेत्राधिकारी मंजरी राव से फोन पर संपर्क करना चाहा तो उनसे बात नहीं हो सकी। लेकिन इससे पहले चोरी की वारदातों के सिलसिले में उन्होंने कहा था कि पुलिस चोरों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।




