श्योपुर। बड़ौदा में गुरुवार को हुए राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की और साथ ही कांग्रेस पर तीखे बयान दिए। सीएम ने सिंगल क्लिक से प्रदेश के 3,05,410 प्रभावित किसानों के खातों में 238 करोड़ 78 लाख रुपए की मुआवजा राशि भेजी। यह मदद श्योपुर, हरदा, विदिशा, नर्मदापुरम, धार और खंडवा के 2148 गांवों के किसानों तक पहुंची।
श्योपुर जिले को मुआवजे का सबसे बड़ा हिस्सा मिला। यहां धान फसल क्षति से प्रभावित 10,078 किसानों को 100 करोड़ 83 लाख रुपए दिए गए। हरदा के लगभग 96 हजार किसानों को सोयाबीन नुकसान पर 71.52 करोड़, विदिशा के 51 हजार किसानों को 29.15 करोड़ और नर्मदापुरम के 22 हजार किसानों को 19.84 करोड़ मिले। धार जिले के 19,173 किसानों को 10.31 करोड़ और खंडवा के 12,961 किसानों को 7.13 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार हर बार किसान के संकट में ढाल की तरह खड़ी हुई है, जबकि कांग्रेस ने दशकों तक किसानों की मेहनत की कीमत नहीं समझी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार प्रति हेक्टेयर 16 हजार रुपए की मदद दे रही है, जबकि कांग्रेस इस आंकड़े के आसपास भी नहीं पहुंची। उन्होंने विपक्ष पर कई कटाक्ष किए और कहा कि भाजपा सरकार किसानों, गरीब परिवारों और सनातन संस्कृति की वास्तविक चिंता करती है।
मुख्यमंत्री ने अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा शुरू की गई प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना को ग्रामीण विकास का महत्वपूर्ण आधार बताया और नदी जोड़ो परियोजना रोकने को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा।
कई विकास कार्यों का शुभारंभ और शिलान्यास
सीएम ने सेसईपुरा में आदिवासी बालक आश्रम भवन, श्योपुर में नर्सिंग कॉलेज, 50 बिस्तर वाले आयुष अस्पताल, बागवानी एवं खाद-प्रसंस्करण केंद्र सहित कई नए विद्युत उपकेंद्रों के निर्माण कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
नई घोषणाएं भी की गईं
सीएम ने बड़ौदा और आसपास के क्षेत्रों के लिए बाढ़ नियंत्रण हेतु बड़े नाले का निर्माण, पुलिस थाने के पास नई पुलिया, गीता भवन, चंद्रसागर पर्यटन स्थल और शिव मंदिर के जीर्णोद्धार जैसी घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि विकास को गति देने के लिए वे बार-बार श्योपुर आते रहेंगे।




