नोएडा। भाकियू की ओर से शुक्रवार को सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय का घेराव कर पंचायत की गई। इसकी अध्यक्षता चौधरी चरण सिंह भाटी और संचालक जिला अध्यक्ष अशोक भाटी ने किया। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट विवेक भदोरिया को पंचायत में समस्याओं से अवगत कराया और मुख्यमंत्री के नाम का 17 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में प्रमुख मांगे गन्ना मूल्य 450 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने और बकाये पर ब्याज सहित त्वरित भुगतान सुनिश्चित करना है। वहीं, छोटे व सीमांत किसानों के सभी कृषि ऋण माफ करना, स्मार्ट मीटर प्रणाली समाप्त करना, किसानों को मुफ्त या रियायती बिजली उपलब्ध कराना, लावारिस पशुओं से फसल बचाव हेतु ठोस नीति बनाना और प्रत्येक गांव में गो आश्रय स्थल सुचारू रूप से संचालित करना शामिल है। इसके अलाना किसानों और आंदोलनरत व्यक्तियों पर दर्ज मुकदमे वापस लेना प्रमुख मांग है। इस दौरान सुभाष चौधरी, परविंदर अवाना, मनोज मावी, विपिन प्रधान, रविंद्र भगत, संजय फौजी आदि मौजूद रहें।




