फरीदाबाद। मौसम विभाग के अनुसार फरीदाबाद और आसपास के क्षेत्रों में 15 से 19 अक्तूबर तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क और साफ रहने की संभावना है। इस दौरान दिन का तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है। साफ और स्थिर मौसम को देखते हुए कृषि विशेषज्ञों ने इसे किसानों के लिए बेहद अनुकूल समय बताया है।कृषि विशेषज्ञों के अनुसार इस अवधि में सरसों की बुवाई के लिए परिस्थितियां बिल्कुल अनुकूल हैं। किसानों को खेत की तैयारी करके उन्नत किस्म के बीजों की बुवाई शुरू कर देनी चाहिए। कतारों के बीच 30 सेंटीमीटर और पौधों के बीच 5 से 20 सेंटीमीटर की दूरी रखना उचित रहेगा। साथ ही किसानों को उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने और खेतों में नमी बनाए रखने की सलाह दी गई है।कपास की फसल तैयार कर चुके किसानों को मौसम के साफ रहने का फायदा उठाते हुए चुनाई (तुड़ाई) शुरू करने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि कपास पर अनावश्यक कीटनाशक या रासायनिक छिड़काव से बचें, क्योंकि इससे फाइबर की गुणवत्ता पर असर पड़ सकता है। धान की फसल के संबंध में किसानों को बताया गया है कि फसल में बदरा या खाल सड़ने के रोग के लक्षणों पर सतर्क निगरानी रखें। यदि रोग के संकेत मिलें तो विशेषज्ञ की सलाह से उचित कवकनाशी का छिड़काव करें।




