अल्मोड़ा। अल्मोड़ा तहसील क्षेत्र के अंतर्गत विनायक के समीप सैलापानी बैंड के पास मंगलवार सुबह आठ बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रामनगर जा रही कुमाऊं मोटर ऑनर्स यूनियन (केएमओयू) लिमिटेड की यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में सात यात्रियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 12 से यात्री घायल हो गए। दुर्घटना की खबर मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बस संख्या यूके 07 पीए 4025 मंगलवार सुबह छह बजे द्वाराहाट के नोबाड़ा से रामनगर को निकली। सुबह आठ बजे सैलापानी बैंड के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि मोड़ पर बस अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कई छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। एक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। खाई की गहराई अधिक होने के कारण राहत-बचाव कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, फिर भी स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से अभियान युद्धस्तर पर चलाया गया। अब तक अधिकांश शवों को खाई से बाहर निकाला जा चुका है। मृतकों की पहचान और पते की पुष्टि का कार्य जारी है। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण में भर्ती कराया गया। जबकि गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किए जाने की तैयारी है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।केएमओयू बस मालिक मोहम्मद अल्ताफ ने बताया कि बस उन्होंने दो माह पूर्व ही खरीदी थी। बस का मॉडल 2019 है और सभी वैध दस्तावेज पूरे हैं। चालक का नाम नवीन चंद्र तथा परिचालक का नाम प्रकाश नैनवाल बताया गया है। चालक-परिचालक दोनों सुरक्षित हैं। प्रशासन ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए जांच के आदेश दिए हैं। मृतकों मेंग्राम धारवाली, विनायक जमोली निवासी पार्वती देवी पत्नी गोविन्द बल्लभ मठपाल और गोविन्द बल्लभ मठपाल, पाली दौला विनायक भिकियासैंड निवासी तारा देवी पत्नी महेश चंद्र,ग्राम जमोली, विनायक भिकियासैंण निवासी नरेंद्र सिंह सूबेदार पुत्र गोपाल सिंह, नेपाली गणेश, नेपाली उमेश और ग्राम घुघुतीं थाना द्वाराहाट, नेपाली नागरिक गोविंदी देवी के रूप में हुई है। वहीं 12 लोग घायल हो गए हैं।




