दिल्ली और बिहार में भूकंप के तेज झटके, डरकर घरों से बाहर निकले लोग

Must read

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में सोमवार सुबह आए भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार दिल्ली-एनसीआर के लोगों ने सोमवार सुबह 5 बजकर 37 मिनट पर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। इसके ठीक ढाई घंटे बाद बिहार के सीवान में भूकंप आया और लोग घरों से निकलकर बाहर की तरफ भागने लगे। इससे पहले दिल्ली स्टेशन पर भी यही स्थिति थी जहां लोग चिल्लाए और डरकर बाहर भागने लगे। भूकंप की तीव्रता चार मापी गई और भूकंप का केन्द्र राजधानी दिल्ली में जमीन से 5 किलोमीटर नीचे था। अभी तक की रिपोर्ट के अनुसार, किसी तरह की जानहानि की कोई सूचना सामने नहीं आई है। भूकंप के तेज झटकों ने लोगों में भारी दहशत भर दी है। इसके बाद नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से लेकर एनसीआर की ऊंची-ऊंची इमारतों में रहने वाले थर-थर कांपते नजर आए। भूकंप के कारण लोगों के घरों में छत पर लटके पंखे तेजी से हिलने लगे और घरों में रखे बर्तन खड़कने लगे। अचानक आए भूकंप के झटकों के चलते लोग डर और घबराहट से अपने घरों से बाहर निकल आए। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अपनी ट्रेन का इंतजार कर रहे एक यात्री ने भूकंप के झटकों को याद करते हुए कहा कि यह कम समय के लिए था, लेकिन तीव्रता बहुत अधिक थी। ऐसा लगा जैसे कोई ट्रेन बहुत तेज गति से आई हो। वहीं एक अन्य यात्री ने कहा कि हमें ऐसा लगा जैसे कोई ट्रेन यहां जमीन के नीचे चल रही हो, सब कुछ हिल रहा था।नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ही अपनी ट्रेन का इंतजार कर रहे एक यात्री ने कहा, मैं वेटिंग लाउंज में था। अचानक सभी लोग वहां से भागे। ऐसा लगा जैसे कोई पुल या कोई चीज गिर गई हो। गाजियाबाद के एक निवासी ने कहा कि भूकंप के झटके इतने तेज थे कि मैंने पहले कभी ऐसा महसूस नहीं किया। पूरी इमारत हिल रही थी। नई दिल्ली स्टेशन पर शनिवार रात मची भगदड़ के बाद यात्रियों में वैसे ही डर का माहौल है। ऐसे में आज आए तेज भूकंप के झटकों ने उनके मन में और दहशत भर दी। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर एक चाय विक्रेता ने कहा कि सब कुछ हिल रहा था। ग्राहक डर कर चिल्लाने लगे। खबरों के अनुसार एक अधिकारी ने बताया कि, भूकंप का केंद्र धौला कुआं में दुर्गाबाई देशमुख कॉलेज ऑफ स्पेशल एजुकेशन के पास था। भूकंप के झटके के समय तेज आवाज भी सुनी गई। भूकंप से अभी किसी तरह के नुकसान या किसी के घायल होने की तत्काल कोई सूचना नहीं है। उस क्षेत्र में जिसके पास एक झील है, हर दो से तीन साल में एक बार छोटे और कम तीव्रता वाले भूकंप आते रहे हैं। अधिकारी के बताया कि 2015 में यहां 3.3 तीव्रता का भूकंप आया था। ढाई घंटे बाद बिहार में भूकंप, सिवान में रहा केंद्र नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (एनसीएस) के अनुसार, सोमवार सुबह 8:02 बजे 4.0 तीव्रता का भूकंप आया। बिहार में भी आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.0 मापी गई, जबकि इसका केंद्र सीवान जिले में जमीन से 10 किलोमीटर नीचे स्थित था। एनसीएस ने पुष्टि की कि इस भूकंप का अक्षांश 25.93 और देशांतर 84.42 दर्ज किया गया। बिहार के अलावा, सोमवार सुबह 8:54 बजे बांग्लादेश में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। यहां भूकंप की तीव्रता 3.5 मापी गई, जबकि इसका केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर नीचे स्थित था। एनसीएस के अनुसार, बांग्लादेश में आए भूकंप का अक्षांश 24.86 और देशांतर 91.94 दर्ज किया गया। प्रधानमंत्री ने शांत रहने की अपील की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी से शांत रहने और सुरक्षा सावधानियों का पालन करने तथा संभावित झटकों के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट में लिखा, दिल्ली और आस-पास के इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। सभी से शांत रहने और सुरक्षा सावधानियों का पालन करने तथा संभावित झटकों के प्रति सतर्क रहने का आग्रह किया गया है। अधिकारी स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article