नई दिल्ली। तिहाड़ जेल में बंद महाठग सुकेश चंद्रशेखर ने अब टेक जगत के दिग्गज कारोबारी एलन मस्क को चौंकाने वाला प्रस्ताव दिया है। सुकेश ने दावा किया है कि वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) में 2 बिलियन डॉलर (करीब 16,500 करोड़ रुपये) निवेश करने के लिए तैयार है। यह पेशकश उसने एलन मस्क को पत्र लिखकर की है। तिहाड़ जेल से लिखे अपने पत्र में सुकेश चंद्रशेखर ने एलन मस्क को संबोधित करते हुए कहा, कि मैं एक्स (ट्विटर) में 2 बिलियन डॉलर का निवेश करने को तैयार हूं। अगर आप मेरी पेशकश स्वीकार करते हैं, तो यह डील आपके लिए भी फायदेमंद साबित होगी। सुकेश ने यह भी कहा कि वह एक्स को दुनिया का सबसे शक्तिशाली सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बनाना चाहता है और इसमें निवेश करके इसे एक नई ऊंचाई तक ले जाने की योजना बना रहा है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर इतने बड़े निवेश की बात कैसे कर सकता है? यह कोई पहला मौका नहीं है जब उसने ऐसा दावा किया हो। इससे पहले भी वह बड़े-बड़े दावों और विवादों में घिरा रहा है। जांच एजेंसियां पहले ही उसकी संपत्तियों और बैंक खातों की जांच कर चुकी हैं। सूत्रों के मुताबिक, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और दिल्ली पुलिस इस पत्र की सच्चाई की जांच कर रही हैं। इस बीच, एक्स के मालिक एलन मस्क या उनकी कंपनी की ओर से इस प्रस्ताव पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
ठग सुकेश ने एलन मस्क को दिया एक्स में 2 बिलियन डॉलर का निवेश का ऑफर




