कार में ब्लास्ट से दहली दिल्ली, 8 की मौत, दिल्ली, मुंबई और यूपी में अलर्ट जारी

Must read

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली सोमवार शाम एक भयंकर धमाके से दहल उठी। इस धमाके में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 5 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है और दिल्ली सहित मुंबई, उत्तर प्रदेश तक हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। धमाका शाम करीब 6 बजकर 55 मिनट पर लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास हुआ। फायर ब्रिगेड को जैसे ही सूचना मिली, 5 दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। घटनास्थल पर पहुंची टीमों ने देखा कि एक इको वैन के परखच्चे उड़ चुके थे और उसके आसपास खड़ी 6 से 7 गाड़ियों में आग लग चुकी थी। आग बुझाने का काम देर रात तक जारी रहा। आसपास के इलाकों को तत्काल खाली कराया गया और दिल्ली पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। प्रारंभिक जांच के अनुसार, विस्फोट की तीव्रता बहुत अधिक थी,इसलिए जांच एजेंसियां जांच में जुटी है कि कहीं इसमें किसी उच्च विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल तो नहीं किया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एनआईए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। फोरेंसिक विशेषज्ञ और बम निरोधक दस्ता भी जांच में जुट गए हैं। टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमाका कार में मौजूद सीएनजी सिलेंडर से हुआ या किसी विस्फोटक डिवाइस से। सूत्रों का कहना है कि धमाके के समय कार लाल किला मेट्रो स्टेशन के बाहर कुछ देर से खड़ी थी। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि कार वहां कैसे पहुंची और किसने छोड़ी। पुलिस ने आसपास मौजूद चश्मदीदों से भी पूछताछ शुरू की है। मुंबई और यूपी में हाई अलर्ट इस धमाके के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने देशभर में अलर्ट जारी कर दिया है। मुंबई पुलिस ने संवेदनशील इलाकों रेलवे स्टेशन, मॉल, धार्मिक स्थलों और बाजारों में पेट्रोलिंग और नाकेबंदी बढ़ा दी है। प्रत्येक संदिग्ध वाहन और व्यक्ति की जांच की जा रही है। वहीं, उत्तर प्रदेश में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के पुलिस अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। यूपी पुलिस को सभी प्रमुख शहरों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में कड़ी निगरानी रखने को कहा गया है। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। नोएडा और गाजियाबाद में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। नोएडा पुलिस ने सेक्टर-18 जैसे व्यस्त इलाकों में चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। संदिग्ध वाहनों और लोगों से पूछताछ की जा रही है। मेट्रो स्टेशनों और बाजारों के आसपास ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article