मुंबई। एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार, देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में साल 2023 में आर्थिक अपराध के 6,476 मामले दर्ज हुए , जो देश के महानगरों की सूची में सबसे ज्यादा हैं। हालांकि, 2022 में मुंबई में दर्ज आर्थिक अपराधों की संख्या की तुलना में, 2023 में ऐसे मामलों में गिरावट देखी गई। आंकड़ों के अनुसार, 2021 और 2022 में क्रमशः 5,671 और 6,960 ऐसे मामले दर्ज किए गए, लेकिन 2023 में यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में 484 मामलों कम रहा। आर्थिक अपराध के मामले में मुंबई के बाद हैदराबाद का स्थान है जहां आर्थिक अपराधों के 5,728 मामले दर्ज किए गए, जबकि जयपुर में 5,304 मामले दर्ज हुए। एनसीआरबी की रिपोर्ट के अनुसार, वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों की संख्या के मामले में महाराष्ट्र का ग्राफ पिछले कुछ वर्षों में ऊपर की ओर बढ़ा है। 2023 में ऐसे अपराध 19,803 दर्ज किए गए, जबकि 2022 में 18,729 और 2021 में 15,550 मामले दर्ज किए गए। राजस्थान 27,675 वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों के साथ पहले स्थान पर था, जबकि तेलंगाना 26,321 मामलों के साथ दूसरे स्थान पर था। महाराष्ट्र इन दोनों राज्यों के बाद तीसरे स्थान पर रहा।




