पलवल। क्राइम ब्रांच पलवल और कार लूटकर भाग रहे बदमाशों के बीच कटेसरा गांव के जंगलों में जबरदस्त मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में पुलिस ने हमला करने वाले चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चांदहट थाना में आरोपितों के विरुद्ध हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। क्राइम ब्रांच पलवल रविंद्र कुमार के अनुसार बृहस्पतिवार की रात को उन्हें सूचना मिली कि गांव थंतरी के पास से चार युवकों ने हथियारों के बल पर एक वैगनआर कार लूट ली है। सूचना मिलते ही उन्होंने टीम गठित की और अमरपुर चौकी क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया गया। देर रात करीब एक बजे मुखबिर से सूचना मिली कि चारों आरोपित कटेसरा गांव के जंगलों में छिपे हुए हैं।पुलिस ने तुरंत दो टीमें बनाईं और केजीपी एक्सप्रेस-वे के नीचे बनी पुलिया के पास घेराबंदी की। जब पुलिस टीम आरोपियों के नजदीक पहुंची और उन्हें आत्मसमर्पण करने को कहा, तो बदमाशों ने पुलिस पर दो बार सीधा फायर कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपितों चलाई गई एक गोली निरीक्षक रविंद्र कुमार के कान के पास से होकर गुजरी। बदमाशों की ओर से लगातार फायरिंग को देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। पुलिस की गोली दो आरोपितों के पैरों में लगी, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़े। इन दोनों की पहचान मथुरा (उत्तर प्रदेश) के वृंदावन के रहने वाले रोहित और बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले रणजीत के रूप में हुई। इसी बीच अन्य दो आरोपितों वृंदावन (उत्तर प्रदेश) के महोबा के रहने वाले पुष्पेंद्र और वृंदावन के किशोरपुरा के रहने वाले अनुराग ने भागने की कोशिश की, जिन्हें मुस्तैद पुलिस टीम ने पीछा कर दबोच लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो कट्टे और चले हुए कारतूस के खोल, दो जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन और नकदी बरामद की। रोहित और रणजीत को घायल अवस्था में जिला नागरिक अस्पताल ले जय गया । पुलिस अब आरोपितों से अन्य वारदातों में संलिप्तता के बारे में पता लगा रही है।
हथियारों के बल पर लूटी कार, क्राइम ब्रांच से मुठभेड़ में 4 बदमाश गिरफ्तार




