पलवल। जिले के थाना बहीन क्षेत्र के गांव भमरौला में रविवार दोपहर हथियारों से लैस करीब दो दर्जन लोगों ने एक घर पर धावा बोलकर दहशत फैला दी। आरोप है कि हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग की और घर की लड़की व एक युवक को जबरन अगवा करने की कोशिश की।पीड़ित सरजीत द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, दोपहर करीब दो बजे ग्राम गहलब से आए हमलावर नीले रंग की बलेनो कार और कई बाइकों पर सवार होकर पहुंचे। आरोपितों के हाथों में फरसा, तलवार, कट्टे और लोहे की रॉड थीं।घर पहुंचते ही आरोपितों ने हमला शुरू कर दिया और दहशत फैलाने के लिए तीन हवाई फायर किए। एक गोली सीधे घर के दरवाजे पर चलाई गई, जिससे परिवार में अफरा-तफरी मच गई। शिकायत में बताया गया है कि हमलावर घर के अंदर घुस गए और सरजीत की बेटी प्रीति को जबरन उठाकर ले जाने का प्रयास किया। परिवार के विरोध करने पर आरोपितों ने भतीजे के लड़के भूप को बेरहमी से पीटा और उसे भी जबरन साथ ले जाने लगे। हालांकि, ग्रामीणों के मौके पर इकट्ठा होने पर हमलावर भूप को छोड़कर वहां से फरार हो गए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जाते-जाते हमलावरों ने शाम पांच बजे तक पांच और गोलियां चलाने की धमकी दी। इस धमकी की ऑडियो रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंप दी गई है। मामले में मुख्य आरोपितों की पहचान सूरज पहलवान, देवी, विक्की पांचाल, विनोद, पवन, हितेश, लव, मुकल, भगत सिंह कलसोड और रोहित सहित अन्य अज्ञात लोगों के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर कंट्रोल रूम के निर्देश पर एसआई जोगेन्द्र सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है।
हथियारबंद हमलावरों ने की लड़की-लड़के को अगवा करने की कोशिश




