गाजियाबाद। वेव सिटी थाना क्षेत्र के डासना इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 6 साल की मासूम शिफा की उसकी सौतेली मां ने बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। सोमवार दोपहर महिला ने बच्ची को कमरे में बंद कर करीब 20 मिनट तक डंडे से पीटा। हाथ-पैर टूट गए, पूरा शरीर नीला पड़ गया और बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी घर के अंदर पहुंचे। दरवाजा खुलवाया गया तो आरोपी महिला भागने लगी, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया और डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
चार साल पहले हुई थी मां की मौत
आरोपी महिला की पहचान निशा के रूप में हुई है। वह डासना में अपने पति अकरम के साथ रहती थी। अकरम की पहली पत्नी की करीब चार साल पहले मौत हो गई थी, जिससे शिफा अकेली रह गई थी। दो साल पहले अकरम ने निशा से दूसरी शादी की थी।
सोमवार को अकरम मजदूरी के लिए बाहर गया हुआ था। उसी दौरान निशा ने शिफा को कमरे में बंद कर पहले लात-घूंसे मारे, फिर डंडे से बेरहमी से पीटा। लगातार पिटाई से बच्ची की जान चली गई।
पहले भी करती थी मारपीट
बताया गया है कि शिफा कई बार अपने पिता से शिकायत कर चुकी थी कि सौतेली मां उसे मारती-पीटती और परेशान करती है। अकरम ने उसे समझाने की कोशिश भी की थी, लेकिन हिंसा नहीं रुकी।
पुलिस बोली- मां ने जुर्म कबूला
एसीपी वेव सिटी प्रिया श्रीपाल ने बताया कि बच्ची के पिता और सौतेली मां दोनों को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ के दौरान निशा ने बच्ची की हत्या करना स्वीकार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




