पलवल। पलवल के थाना उटावड़ अंतर्गत मालूका गांव में आपसी रंजिश के चलते युवक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपितों ने युवक का अपहरण कर जंगल में ले जाकर कुल्हाड़ी और अन्य हथियारों से बेरहमी से मारपीट की। पुलिस ने इस मामले में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।शिकायतकर्ता सुबेदीन निवासी मालूका ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 30 जनवरी की दोपहर बजे शाद, जानू और मोहम्मद उनके भतीजे नासिर को जबरन एक इको गाड़ी में डालकर उठा ले गए। आरोपी उसे एक सुनसान जगह पर ले गए, जहां उस पर कुल्हाड़ी और अन्य नुकीले हथियारों से हमला किया गया। हमले में नासिर के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। वहीं, घटना की सूचना मिलने पर परिजनों ने घायल नासिर को तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने गांव मालूका पहुंचकर मामले की तस्दीक की। पुलिस जांच के अनुसार, नासिर के साथ मारपीट होने की बात सही पाई गई है। हालांकि, शुरुआती पुलिस तस्दीक में गाड़ी में डालकर ले जाने (अपहरण) की बात की अभी पूरी तरह पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन चोटों की गंभीरता को देखते हुए मामला दर्ज कर लिया गया है।
युवक को उठाकर बेरहमी से पीटा, पुलिस ने दर्ज किया मामला




