गाजियाबाद। लोनी थाना क्षेत्र के अशोक विहार कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर दिनदहाड़े रिटायर्ड फौजी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दोपहर करीब 12:30 बजे 60 वर्षीय योगेश कुमार घर से कुछ दूरी पर मैकेनिक की दुकान के पास खड़े थे, तभी बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे। कुछ देर बातचीत के बाद एक बदमाश ने अचानक तमंचा निकालकर उनके सिर में गोली चला दी। बचने की कोशिश के दौरान दूसरे आरोपी ने भी सिर में गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
योगेश कुमार मूल रूप से प्रयागराज के रहने वाले थे और वर्तमान में लोनी के अशोक विहार में परिवार के साथ रह रहे थे। वे करीब दो महीने पहले ही भारतीय वायुसेना से रिटायर हुए थे। शुक्रवार को दोपहर का खाना खाने के बाद वे टहलने के लिए घर से निकले थे। जब वे अपने घर से करीब 500 मीटर दूर 30 फीटा रोड पर पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बदमाश वहां आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहली गोली चूक गई थी, लेकिन इसके बाद लगातार दो गोलियां सिर में लगने से योगेश लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। वारदात के समय दोनों आरोपी हेलमेट पहने हुए थे और फायरिंग के बाद बाइक से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई और घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मृतक के परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं। बड़े बेटे की शादी हो चुकी है। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान की कोशिश की जा रही है। अभी तक किसी पुरानी रंजिश की पुष्टि नहीं हुई है और हत्या के कारणों की जांच सभी संभावित एंगल से की जा रही है।




