नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में घूमने आए पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में जीजा और साले की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी पीड़ित उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी हैं और वीकेंड पर नैनीताल घूमने पहुंचे थे।
हादसा सुबह करीब 7.30 बजे कालाढूंगी थाना क्षेत्र में गडप्पू चेक पोस्ट से लगभग दो किलोमीटर आगे हुआ। बाजपुर की ओर जा रही टाटा टियागो कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसका बोनट अलग होकर दूर जा गिरा।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। कालाढूंगी पुलिस के अनुसार, वाहन में सवार सभी लोग आपस में रिश्तेदार थे। इनमें पांच वयस्क और दो छोटे बच्चे शामिल थे।
दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान गाजियाबाद के स्यानी थाना नन्दग्राम निवासी प्रदीप यादव (28) और उनके साले राहुल (18) के रूप में हुई है। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घायलों में विवेक यादव (23), दीपांशु, ज्योति (27) पत्नी प्रदीप यादव और दो मासूम बच्चियां अन्नईया उर्फ परी (3 साल 6 माह) और किट्टू (डेढ़ साल) शामिल हैं। सभी का इलाज बाजपुर के अस्पताल में जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें 108 एंबुलेंस के जरिए सीएचसी कालाढूंगी भेजा गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को क्रेन की मदद से हाईवे से हटवाकर गडप्पू चेक पोस्ट पर खड़ा कराया है। हादसे की सूचना मृतकों और घायलों के परिजनों को दे दी गई है, जो गाजियाबाद से रवाना हो चुके हैं। पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




