हापुड़। अतिरिक्त दहेज में 15 लाख रुपये की मांग कर ससुराल पक्ष के लोगों ने कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की विवाहिता को प्रताड़ित किया। इतना ही नहीं जेठ ने उसके कमरे में घुसकर छेड़छाड़ की और विरोध करने पर कपड़े फाड़ दिए।मामले में पुलिस व अधिकारियों से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। न्याय के लिए पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली। अब न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में पीड़ित विवाहिता ने बताया कि उसकी शादी 14 अप्रैल 2025 को मेरठ के आनंद निकेतन कालोनी के कृष्ण गोपाल के साथ हुई थी। शादी में उसके स्वजन ने करीब 33 लाख रुपये, आभूषण और घरेलू सामान दिया था।इसके बावजूद पति कृष्ण गोपाल, जेठ योगेश सैनी और जेठानी प्रभा अतिरिक्त 15 लाख रुपये के दहेज की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसे गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। 24 जून 2025 को जब उसका पति और जेठानी घर पर नहीं थे, तब जेठ ने उसके कमरे में घुस आया। विरोध पर उसने पीड़ित के साथ छेड़छाड़ की और कपड़े फाड़ दिए। शोर मचाने पर आरोपित वहां से चला गया। पति के घर लौटने पर जब उसने घटना की जानकारी दी, तो तीनों ने उसके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं गला दबाकर उसकी हत्या का प्रयास किया। अगले दिन पीड़िता के भाई के ससुराल पहुंचने पर आरोपितों ने उसके साथ भी मारपीट की और पीड़िता को केवल पहने हुए कपड़ों में मायके भेज दिया। इसके बाद पीड़िता ने थाना हापुड़ नगर, मुख्यमंत्री पोर्टल और पुलिस अधीक्षक शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दहेज के लिए विवाहिता को किया प्रताड़ित, रिपोर्ट दर्ज




