मोदीनगर। किन्नर के साथी अहसान की हत्या के मामले में पुलिस को एक और सफलता मिली है। रविवार देर रात पुलिस ने इस केस में पांचवें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि अभी भी चार आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, ढोलक वादक अहसान की 16 अक्टूबर को विश्वकर्मा बस्ती स्थित उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अहसान इससे पहले गांव मछरी निवासी अलबख्श की हत्या के मामले में जेल जा चुके थे और जमानत पर बाहर आए हुए थे।
जांच में सामने आया है कि अहसान की हत्या बदले की भावना से पूरी साजिश के तहत की गई थी। मृतक की पत्नी फरजाना ने इस संबंध में थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इस मामले में पुलिस पहले ही मेजर उर्फ जावेद, सुहेल, राशिद और अब्दुल्ला को गिरफ्तार कर चुकी है। रविवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के मोहल्ला लाला महमदपुर निवासी दानिश को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में दानिश ने स्वीकार किया कि रंजिश के चलते उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अहसान पर गोली चलाई थी। पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड में शामिल सादिम, किन्नर पूजा, मोमीन और नूरहसन अब भी फरार हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।




