पलवल। हथीन के घुड़ावली गांव में उपले थापने जैसी मामूली बात को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। आरोप है कि एक पक्ष के करीब 14 लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस होकर परिवार पर हमला कर दिया। हमले में एक महिला और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में 14 नामजद आरोपितों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस को दी गई शिकायत में वसीम ने बताया कि 19 जनवरी की सुबह करीब 9 बजे उसकी भाभी, अर्सीना, घर के पास उपले थाप रही थीं। इसी दौरान गांव के ही आबिद और ताहिर ने उन्हें वहां काम करने से रोका। विरोध करने पर आबिद ने अर्सीना के सिर पर फरसे से हमला कर दिया, जबकि ताहिर ने लाठी से वार किया। शिकायतकर्ता के अनुसार, जब वे घायल भाभी को बचाकर घर ले आए, तो कुछ देर बाद सभी आरोपित लामबंद होकर उनके घर पर चढ़ आए। आरोपितों ने घर में घुसकर दोबारा मारपीट की। शोर सुनकर जब ग्रामीण और पुलिस को सूचना देने वाला युवक सलीम बीच-बचाव करने आए, तो आरोपितों ने उन्हें भी बुरी तरह पीटा। जब घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा था। आरोपितों ने रास्ते में गाड़ी पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे गाड़ी के शीशे टूट गए। घायलों को पहले हथीन अस्पताल और फिर नलहड़ मेडिकल कालेज ले जाया गया। चोटों की गंभीरता को देखते हुए डाक्टरों ने अर्सीना और सलीम दोनों को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले में आबिद, ताहिर, सिराजुद्दीन, रहिस, नियाजु, खुशनुद, हामिद, अजीज, इरशाद, वसीम, जिलशाद, माहिर और जाविद सहित 14 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
उपले थापने पर खूनी संघर्ष घर में घुसकर हमला 14 पर मुकदमा




