सोसाइटी गेट पर गार्ड की सरेआम पिटाई, पिस्टल दिखाकर अपहरण की कोशिश

Must read

गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके में रविवार सुबह एक सोसाइटी गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड के साथ 67 लोगों ने बेरहमी से मारपीट की और पिस्टल दिखाकर उसका अपहरण करने की कोशिश की। हमलावरों ने गार्ड को लात-घूंसों, डंडों और बेल्ट से पीटा और जबरन काली स्कॉर्पियो में बैठा लिया। पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में केस दर्ज किया गया है।

घटना सुबह करीब 9:40 बजे GH-07 सोसाइटी के गेट पर हुई। गार्ड सौरभ के अनुसार, बिना सोसाइटी स्टिकर वाली स्कॉर्पियो को नियमों के तहत रोका गया था। इसी बात से नाराज होकर गाड़ी में सवार लोग नीचे उतरे। एक युवक ने गार्ड की कनपटी पर पिस्टल सटाई, जबकि बाकी ने लाठी-डंडे और बेल्ट से हमला कर दिया। इसके बाद कॉलर पकड़कर उसे घसीटते हुए गाड़ी में डाला गया।

पीड़ित गार्ड ने बताया कि गाड़ी के अंदर भी उसे थप्पड़-घूंसे मारे गए। वह लगातार हाथ जोड़कर जान बख्शने की गुहार लगाता रहा। इस दौरान सोसाइटी के अन्य गार्ड और कुछ लोग मौके पर पहुंचे, जिससे आरोपी ज्यादा देर तक उसे ले जा नहीं सके।

गार्ड ने अखिलेश चौहान और अनिल चौहान नाम के दो लोगों की पहचान की है, जो GH-07 इलाके के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना में इस्तेमाल की गई काली स्कॉर्पियो (UP 81 DF 6008) सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रही है।

एसीपी क्रॉसिंग रिपब्लिक प्रिया श्रीपाल ने बताया कि मामले में गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए दो टीमें लगाई गई हैं और लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि वीडियो में दिख रहे किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article