नोएडा। पुलिस ने कार चोरी के एक शातिर तरीके का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के नाम लोकेश नागर, अरुण भारद्वाज और अमित नागर हैं, जो हरियाणा के फरीदाबाद के रहने वाले हैं। यह गिरोह पहले फाइनेंस से सेटलमेंट की गई गाड़ियां सस्ते दामों पर खरीदता, फिर उन्हें बेचकर दोबारा चोरी करवा लेता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि अरुण भारद्वाज फाइनेंस कंपनियों से जब्त की गई गाड़ियों को सेटलमेंट के जरिए खरीदता था। गाड़ी बेचने से पहले वह उसमें GPS ट्रैकर लगवाता और डुप्लीकेट चाबी बनवा लेता था। जैसे ही कोई ग्राहक उससे कार खरीदता और आरसी ट्रांसफर से पहले गाड़ी अपने पास रखता, अरुण अपने साथियों लोकेश और अमित को चोरी के लिए भेज देता था।
दोनों आरोपी GPS लोकेशन के जरिए कार तक पहुंचते और डुप्लीकेट चाबी से गाड़ी चोरी कर वापस अरुण को सौंप देते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से टाटा नेक्सॉन ग्रे रंग की एक कार बरामद की है, जिसे हाल ही में इसी तरीके से बेचा गया था। कार चोरी होने के बाद मालिक ने इसकी शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी इससे पहले भी कई बार इसी तरह गाड़ियां बेचकर उनकी चोरी करवा चुके हैं। अब यह पता लगाया जा रहा है कि अन्य जिलों में भी इनके खिलाफ ऐसे कितने मामले दर्ज हैं।




