ग्रेटर नोएडा। थाना सेक्टर-142 पुलिस ने मोबाइल फोन चोरी और छिनैती करने वाले गिरोह के एक फरार सदस्य को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के पास से 33 चोरी के मोबाइल फोन के अलावा बड़ी मात्रा में मोबाइल पार्ट्स बरामद हुए हैं। इनमें 63 डिस्प्ले, 72 मोबाइल फ्रेम और 84 बैटरियां शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमन कुमार के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने सेक्टर-138 स्थित एक पार्क से दबोचा। अमन उसी गिरोह का हिस्सा है, जिसके तीन अन्य सदस्य राजकुमार, कृष्ण कुमार और सुल्तान उर्फ मयंक को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अमन की गिरफ्तारी उसके साथियों से हुई पूछताछ के आधार पर की गई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अमन पेशे से मोबाइल रिपेयरिंग का काम करता है। गिरोह के सदस्य मोबाइल फोन चोरी या छिनैती करने के बाद फोन अमन को देते थे, जो उन्हें खोलकर अलग-अलग पार्ट्स में बेच देता था। इस तरह चोरी के मोबाइल बाजार में आसानी से खपाए जाते थे। वारदातों को अंजाम देने के लिए आरोपी चोरी की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल भी करते थे।
इससे पहले 23 दिसंबर 2025 को पुलिस ने राजकुमार, कृष्ण कुमार और सुल्तान उर्फ मयंक को थाना सेक्टर-142 क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। उनके पास से एक चोरी की केटीएम बाइक, दो चाकू और तीन स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद हुए थे। बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में दिल्ली के मयूर विहार थाने में पहले से मामला दर्ज है। उसी समय से अमन फरार चल रहा था, जिसे अब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और चोरी के मोबाइल की सप्लाई चेन को लेकर जांच आगे बढ़ा रही है।




