फरीदाबाद। कहासुनी की रंजिश में कुछ युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर 16 वर्षीय छात्र की हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल छात्र को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां वह चार दिन तक जिंदगी और मौत से जूझता रहा। आखिरकार रविवार दोपहर उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतक रवि मुजेसर थाना क्षेत्र की संजय कॉलोनी का रहने वाला था और 12वीं कक्षा में पढ़ता था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका था। रवि परिवार का इकलौता बेटा और मां का एकमात्र सहारा था। उसकी मौत के बाद मां गहरे सदमे में है, जबकि परिवार में अब केवल 11 साल की छोटी बहन बची है। पुलिस ने पहले दर्ज मारपीट के मामले को हत्या में बदल दिया है।
17 जनवरी को मनाने वाला था जन्मदिन
रवि 17 जनवरी को 17 साल का होने वाला था। वह एक निजी स्कूल में पढ़ाई कर रहा था और पढ़ाई के साथ परिवार की जिम्मेदारी भी समझता था। उसकी अचानक मौत ने पूरे मोहल्ले को झकझोर कर रख दिया है।
ऐसे मामूली विवाद ने लिया खौफनाक रूप
परिजनों के अनुसार, 28 दिसंबर को रवि की घर के पास रहने वाले कुछ युवकों से गली में मामूली कहासुनी हो गई थी। आसपास के लोगों ने उस समय मामला शांत करा दिया था, लेकिन आरोपियों ने इसी बात की रंजिश पाल ली।
30 दिसंबर को करीब 10 से 12 युवक लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और रवि पर हमला कर दिया। उस वक्त वह दोस्तों के साथ पानी के प्लांट के पास खड़ा था। हमलावरों ने उसके सिर पर लगातार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
चार दिन बाद तोड़ी जिंदगी की डोर
रवि को पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर दिल्ली रेफर किया गया। दूरी ज्यादा होने के कारण परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए। डॉक्टरों के मुताबिक सिर में अधिक ब्लीडिंग और अंदरूनी चोटों के कारण उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
दोस्तों का दावा- पूरी प्लानिंग से किया हमला
रवि के दोस्त सौरभ ने बताया कि हमलावरों ने अपने चेहरे ढक रखे थे और बाइकों को गली से दूर खड़ा किया था। हमले का मकसद साफ तौर पर जान लेने का था, क्योंकि सिर पर सबसे ज्यादा वार किए गए।
पुलिस ने शुरू की सख्त कार्रवाई
मुजेसर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी पुरन सिंह के मुताबिक, दो से तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। मामले में हत्या की धाराएं जोड़ दी गई हैं और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।




