पलवल। हथीन खंड के छांयसा गांव में हेपेटाइटिस का प्रकोप जारी है। रविवार को भी हेपेटाइटिस सी के 12 नए मामले सामने आए हैं। बीते चार दिनों में हुई जांच में गांव में हेपेटाइटिस सी के 26 और बी के तीन मरीज मिले हैं। बीमारी के बढ़ते प्रकोप से गांव में दहशत का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग जांच व टीकाकरण कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को भी गांव में स्क्रीनिंग और टीकाकरण अभियान चलाया। वहीं घरों में पानी के दूषित मिलने के बाद जन स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अवैध कनेक्शन काट दिए। बता दें कि छांयसा गांव में शुरुआत में हुई मौतों को ग्रामीणों ने सामान्य माना, लेकिन लगातार हुई मौतों से ग्रामीण भयभीत हो गए। इसकी सूचना जिला स्वास्थ्य विभाग को दी गई तो गांव में हेपेटाइटिस संक्रमित मिलने लगे। अभी तक 29 मामले में हेपेटाइटिस के मिले हैं।जबकि जांच के दौरान एक युवक एचआईवी से पीड़ित पाया गया है। अभी तक गांव में चार मौत हेपेटाइटिस बी और सी से हुई हैं। जबकि तीन मौतें पीलिया से बताई जा रही हैं, जो हेपेटाइटिस का प्रमुख लक्षण होता है। रविवार को गांव में हेपेटाइटिस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए टीकाकरण अभियान के तहत 80 लोगों को टीका लगाया गया। वहीं, शनिवार को 70 लोगों को हेपेटाइटिस का टीका लगाया था। गांव में लगाई गई विशेष ओपीडी में 193 लोगों की जांच की गई। स्वास्थ्य टीम की जांच के दायरे में ज्यादातर हेपेटाइटिस संक्रमित मिले मरीजों से संपर्क में रहने वाले लोग हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार हेपेटाइटिस 15 से 35 वर्ष आयु वर्ग में अधिक पाया गया है।
पलवल के छांयसा में हेपेटाइटिस का कहर, 4 दिन में मिले 29 केस




