फरीदाबाद। एनआईटी-3 चौकी क्षेत्र के सी-ब्लॉक में बुधवार दोपहर दिनदहाड़े चोरों ने एक निजी कंपनी के कर्मचारी के बंद मकान में सेंध लगा दी। पति-पत्नी के काम पर जाने के बाद सूने पड़े घर का ताला तोड़कर चोर लाखों रुपए के सोने-चांदी के गहने और नकदी लेकर फरार हो गए।
सी-ब्लॉक निवासी मनोज भाटिया निजी कंपनी में नौकरी करते हैं, जबकि उनकी पत्नी इंदू भाटिया एनआईटी-1 इलाके में ब्यूटी पार्लर चलाती हैं। बुधवार सुबह करीब 9 बजे दोनों रोज की तरह घर बंद कर अपने-अपने काम पर निकल गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सुनसान गली का फायदा उठाकर मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और घर में दाखिल हो गए।
चोरों ने बेडरूम में रखी अलमारी का ताला भी तोड़ दिया और उसमें रखे करीब 35 से 40 तोला सोना-चांदी के गहने और लगभग दो से ढाई लाख रुपए नकद चोरी कर लिए। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा मिला, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने काफी समय तक घर में रहकर वारदात को अंजाम दिया।
दोपहर करीब साढ़े चार बजे जब इंदू भाटिया ब्यूटी पार्लर से घर लौटीं तो उन्होंने ताला टूटा देखा। अंदर जाकर अलमारी खुली और गहने-नकदी गायब देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत अपने पति और पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही एनआईटी-3 पुलिस, एफएसएल और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं। एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए, जबकि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि चोरों ने पहले घर की रेकी की होगी और सही मौके का इंतजार किया। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




