ग्रेटर नोएडा।ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों पर शिकंजा कसते हुए ग्रेटर नोएडा से तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें और एक चाकू बरामद किया है। आरोपियों पर आरोप है कि वे ग्रेटर नोएडा और आसपास के इलाकों में बाइक चोरी कर उन्हें ठिकाने लगाने की फिराक में थे। थाना बीटा-2 के प्रभारी के अनुसार, ग्रेटर नोएडा में नट की मढैया गोल चक्कर के पास पुलिस टीम बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सिग्मा सेक्टर की दिशा से एक बाइक पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही तीनों युवक घबराकर तेजी से मुड़कर भागने लगे। हड़बड़ी में उनकी बाइक स्लिप हो गई और सड़क पर गिर गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान युवकों के पास से एक चाकू बरामद हुआ, जिसको लेकर पुलिस ने उनकी गतिविधियों पर संदेह और गहरा कर लिया। थाने लाकर पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम विकास पुत्र राजवीर, दीपक पुत्र प्रेमपाल और अमित पुत्र फौजदार बताया। जब पुलिस ने इनसे बाइक के कागजात दिखाने को कहा तो तीनों कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद ग्रेटर नोएडा पुलिस ने बाइक के चेसिस नंबर को चालान ऐप पर चेक किया। जांच में पता चला कि यह बाइक दीपक कुमार निवासी बुलंदशहर के नाम से पंजीकृत है। आगे जांच करने पर साफ हुआ कि इसी बाइक की चोरी की रिपोर्ट हापुड़ में दर्ज है। कड़ाई से पूछताछ करने पर तीनों आरोपियों ने ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में बाइक चोरी की बात कबूल कर ली। उन्होंने बताया कि जिस बाइक पर वे पकड़े गए, उसे भी उन्होंने ही चोरी किया था। इसके अलावा उन्होंने दो और मोटरसाइकिल चोरी करने और उन्हें सेक्टर सिग्मा-3 के पीछे स्थित खंडहरनुमा जगह पर छिपाकर रखने की जानकारी दी। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने खंडहर से दो और बाइक बरामद कर लीं। पूछताछ में पता चला कि तीनों युवक इन वाहनों को ग्रेटर नोएडा और आसपास के जिलों में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में थे।




