ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर ठगी का भंडाफोड़, कॉल सेंटर चला रहा था गिरोह

Must read

ग्रेटर नोएडा। बिसरख थाना पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए लोगों से ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच युवतियों समेत कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 18 मोबाइल फोन, 4 लैपटॉप, 155 सिम कार्ड, 55 पेमेंट QR कोड स्कैनर और करीब 45 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि गौर सिटी सेंटर में एक फर्जी कॉल सेंटर के जरिए ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर ठगी की जा रही है। इसके बाद पुलिस टीम ने OC-439 और OC-440 में छापेमारी की। यहां ‘TRENTRAC INNOVATIVE SOLUTIONS’ के नाम से एक ऑफिस संचालित हो रहा था। जांच में सामने आया कि इसी जगह से ‘MAZABOOK MAZE SE JEETO’ नाम का ऑनलाइन गेमिंग ऐप चलाया जा रहा था।

पूछताछ में पुलिस ने सूरजपुर निवासी गर्व, गाजीपुर निवासी अजय, जबलपुर निवासी दिव्यांग सोनल उर्फ अनिरुद्ध, फिरोजाबाद निवासी रुचि, उत्तराखंड निवासी सुषमा, प्रतापगढ़ निवासी तनीषा और सानिया सहित कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का मास्टरमाइंड दिव्यांग सोनल उर्फ अनिरुद्ध है।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति अवस्थी ने बताया कि यह गिरोह क्रिकेट, कसीनो, एविएटर, रोलेट और नंबर आधारित गेम के जरिए लोगों को सट्टेबाजी के लिए उकसाता था। ऑनलाइन गेम खेलने के शौकीन लोगों को खास तौर पर निशाना बनाया जाता था। युवतियों के जरिए उनसे संपर्क कर ज्यादा मुनाफे का लालच दिया जाता था।

शुरुआत में लोगों को छोटी रकम जितवाकर उनके खातों में पैसे ट्रांसफर किए जाते थे, ताकि भरोसा बन सके। इसके बाद जब पीड़ित बड़ी रकम जमा कर देता था, तो आरोपित यह कहकर पैसे रोक लेते थे कि रकम ज्यादा होने पर ही ट्रांसफर संभव है। इसी बहाने वे लोगों के पैसे हड़प लेते थे।

पुलिस का कहना है कि यह गिरोह पिछले करीब छह महीनों से गौर सिटी सेंटर में कॉल सेंटर चलाकर लाखों रुपए की ठगी कर चुका है। गिरफ्तार सभी आरोपी पढ़े-लिखे हैं और तकनीकी जानकारी के जरिए लोगों को जाल में फंसाते थे। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article